नई दिल्ली संजय मांजरेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में प्लेइंग इलेवन में रविंद्र जडेजा के सिलेक्शन से निराश नजर आए। मांजरेकर ने कहा कि जडेजा को बतौर बल्लेबाज मौका देने का फैसला सही नहीं था। उन्होने कहा कि यह फैसला बैकफायर कर गया। उन्होंने कहा कि विकेट पर ज्यादा स्पिन नहीं था जिसका यह बाएं हाथ का खिलाड़ी फायदा उठा पाता। टेस्ट मैच से पहले अपनी इलेवन प्लेइंग चुनते हुए रविंद्र जडेजा के स्थान पर विशेषज्ञ बल्लेबाज हनुमा विहारी को अपनी प्लेइंग इलेवन में रखा था। मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो पर बातचीत में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रविंद्र जडेजा सिर्फ बल्लेबाजी के आधार पर भारत की टेस्ट प्लेइंग इलेवन में जगह बना सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, 'अगर आप देखें कि मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम ने इसे किस तरह लिया। दो स्पिनर्स को चुनना हमेशा से एक विवादास्पद विषय रहा है। खास तौर पर तब जब बरसात का मौसम था और टॉस भी एक दिन देरी से हुआ। उन्होंने एक खिलाड़ी को उसकी बल्लेबाजी की वजह से चुना था और उसका नाम था रविंद्र जडेजा। उनकी बाएं हाथ की गेंदबाजी उन्हें चुने जाने का कारण नहीं थी। उन्हें उनकी बल्लेबाजी की वजह से चुना गया। यह एक ऐसी चीज है जिसके मैं हमेशा खिलाफ हूं।' मांजरेकर ने कहा, 'आपको टीम में विशेषज्ञ खिलाड़ी चुनने चाहिए। और अगर आपको लगता है कि पिच सूखी है और इस पर गेंद टर्न लेगी तो आप रविचंद्रन अश्विन के साथ रविंद्र जडेजा को चुन सकते थे। यह ज्यादा सही तरीका होता। लेकिन उन्होंने जडेजा को उनकी बल्लेबाजी के लिए चुना और यह गलत साबित हुआ, जैसाकि ज्यादातर मौकों पर होता है।' मांजरेकर ने किया हनुमा विहारी का समर्थन हनुमा विहारी ने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया में सिडनी में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। बॉर्डर-गावसकर ट्रोफी में उन्होंने शानदार पारी खेली थी। उनकी मांसपेशियों में चोट थी और इसके बावजूद वह क्रीज पर टिके रहे और भारत को मैच ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाई। मांजरेकर को लगता है कि हनुमा विहारी जैसे विशेषज्ञ बल्लेबाज शायद भारतीय दूसरी पारी को 170 रन से आगे ले जाने में मददगार साबित होते। मांजरेकर ने सवाल पूछा, 'मान लीजिए अगर टीम में हनुमा विहारी होते, जिनका डिफेंस बहुत अच्छा है, तो यह काफी मददगार होता। शायद 170 का स्कोर 220, 225 या 230 हो सकता था, किसे पता है?'
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3qon2Cx
No comments:
Post a Comment