नई दिल्ली पिछले छह महीने से रिंग से दूर भारत के स्टार मुक्केबाज को अगले तीन महीने में रिंग में उतरने की उम्मीद है क्योंकि अमेरिका में उनके प्रमोटर ने इस महीने की शुरुआत में मुकाबले शुरू कर दिए हैं। बॉब एरम के टॉप रैंक प्रमोशंस के साथ 2018 में करार करने वाले विजेंदर ने आखिरी मुकाबला नवंबर 2019 में खेला था जिसमें उन्होंने घाना के चार्ल्स अदामू को मात देकर पेशेवर सर्किट पर अपना अपराजेय रेकॉर्ड कायम रखा था। पेइचिंग ओलिंपिक 2008 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट विजेंदर ने बताया कि टॉप रैंक से उनकी बात हुई है और अक्टूबर तक वह रिंग में लौट आएंगे। उन्होंने कहा, ‘यह भारत के बाहर ही होगा क्योंकि यहां तब तक कोरोना वायरस महामारी के कारण लगी पाबंदियां खत्म होने की उम्मीद कम हैं।उम्मीद है कि अगले दो तीन महीने में रिंग में फिर उतरूंगा।’ कोरोना महामारी से बदलते परिदृश्य पर उन्होंने कहा कि कुछ समय तक दर्शकों को बिल्कुल दूर रखना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले तो हड़बड़ी मचाने की जरूरत नहीं है। दूसरी बात यह है कि दर्शकों को बिल्कुल दूर रखा जाए क्योंकि सुरक्षा सबसे पहले है। महामारी के फैलाव को रोकना सबसे जरूरी है।’ भारत में खेलों की बहाली उन्हें कब होती नजर आती है, यह पूछने पर उन्होंने कहा कि अभी कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ‘भारत के बारे में कोई कयास नहीं लगाया जा सकता। पता नहीं कब हालात कैसे होंगे। मैं अनुरोध करूंगा कि खेलों की बहाली का फैसला काफी सावधानी के साथ लिया जाए।’
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2Zr7f8T
No comments:
Post a Comment