नई दिल्ली: हत्या मामले में तिहाड़ जेल में बंद पहलवान सुशील को आखिरकार जेल में टीवी देखने की सुविधा मिल गई। अब वह अन्य कैदियो के साथ जेल में आज से शुरू हो रहे टोक्यो ओलिंपिक्स देखने का लुत्फ उठा सकेंगे। लेकिन कुछ बंदिशों के साथ। सबसे पहले एनबीटी ने इस ख़बर को बताया था कि एक्स्ट्रा प्रोटीन वाली डाइट के बाद अब सुशील ने टीवी की मांग की है। साथ ही यह भी बताया था कि सुशील के सेल में टीवी ना देकर उनके बैरक में टीवी दिया जा सकता है। जेल प्रशासन ने यही किया। गुरुवार को हुई मीटिंग के बाद उनके वॉर्ड में टीवी लगा दिया गया। तिहाड़ जेल अधिकारियों ने बताया कि जेल नंबर-2 में बंद सुशील के सेल में टीवी नहीं लगाया गया है। लेकिन उनके वॉर्ड के कॉमन एरिया में टीवी लगा दी गई है। बताया गया है कि यहां वह सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और 3 बजे से शाम 7 बजे तक टीवी देख सकते हैं। यहां उनके साथ और कैदी भी होंगे। लेकिन इस बात का खास खयाल रखा गया है कि इनमे कोई खतरनाक कैदी ना हो जो उन्हें किसी तरह का नुकसान ना पहुचा सके। जेल अधिकारियों का कहना है कि हमारी ओर से सुशील को कोई एक्स्ट्रा सुविधा नहीं दी गई है। टीवी और भी कैदी देखते है। उन्हें अलग से टीवी नहीं दिया गया है। इसके अलावा तिहाड़ की अन्य तमाम जेलों सहित रोहिणी और मंडोली जेल में भी बंद 16 हज़ार से अधिक कैदियों को ओलिंपिक दिखाने के विशेष प्रबन्ध किए गए हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि डीडी स्पोर्ट्स पर ओलिंपिक देखा जा सकता है। इसके अलावा भी जरूरत के मुताबिक चैनल का सब्सक्रिप्शन ले लिया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को हुई मीटिंग के बाद तमाम कैदियो को ओलिंपिक दिखाने को सही माना गया।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3kJ1f7P
No comments:
Post a Comment