Sunday, May 23, 2021

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते ही धोनी को पीछे छोड़ कोहली रच देंगे इतिहास

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में उतरते ही सर्वाधिक टेस्ट मैचों में भारत की अगुआई करने वाले कप्तान बन जाएंगे। इस मैच को जीतने पर कोहली दुनिया के सबसे सफल कप्तानों की सूची में चौथे नंबर पर काबिज हो जाएंगे। कोहली ने अब तक 60 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया है और वह महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी पर हैं। इंग्लैंड के साउथम्पटन में 18 जून से शुरू होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में उतरते ही भारत की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड कोहली के नाम पर दर्ज हो जाएगा। कोहली इस साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दौरान ही यह रिकॉर्ड अपने नाम कर देते लेकिन वह अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी तीन टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए थे। इन मैचों में अजिंक्य रहाणे ने टीम की अगुआई की थी। पहली बार 2014 में टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले कोहली अब तक जिन 60 मैचों में कप्तान रहे हैं उनमें से 36 में भारत ने जीत दर्ज की है जो भारतीय रिकॉर्ड है। धोनी 60 मैचों में 27 जीत के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय टीम दो जून को साढ़े तीन महीने के ब्रिटिश दौरे पर रवाना होगी जिसमें वह डब्ल्यूटीसी फाइनल के अलावा मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला भी खेलेगी। इस दौरान एक जीत से कोहली सर्वाधिक मैचों में जीत दर्ज करने वाले कप्तानों की सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्लाइव लॉयड को पीछे छोड़ देंगे। लॉयड की अगुवाई में वेस्टइंडीज ने 74 मैच खेले जिनमें से 36 में उसने जीत हासिल की थी। कप्तान के रूप में सर्वाधिक मैचों में जीत का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (109 मैचों में 53 जीत) के नाम पर है। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (77 मैचों में 48 जीत) और स्टीव वॉ (57 मैचों में 41 जीत) का नंबर आता है। ग्रीम स्मिथ के नाम पर सर्वाधिक टेस्ट मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी है। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर (93 मैच), न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (80), पोंटिंग (77), लॉयड (74), धोनी और कोहली का नंबर आता है।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3hNfXJy

No comments:

Post a Comment

बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेने पहुंचे शिखर धवन, वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली है जगह

from Sports News in Hindi, Live Score, खेल समाचार, खेल न्यूज़ https://ift.tt/Nlgjqk9