Saturday, April 24, 2021

IPL: न रसल का पावर दिखा, न पैट कमिंस कर सके कमाल, मौरिस के आगे यूं पस्त कोलकाता

मुंबईराजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मुकाबले में शनिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हराकर पांच मैचों में दूसरी जीत दर्ज की। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 133 रन बनाए। राजस्थान ने 18.5 ओवर में चार विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया। राजस्थान के लिए कप्तान संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा नाबाद 42 रन का योगदान दिया। राजस्थान की जीत के हीरो रहे क्रिस मौरिस ने चार ओवर में 23 रन देकर चार विकेट झटके जबकि जयदेव उनदकत, चेतन सकारिया और मुस्तफिजूर रहमान को एक-एक सफलता मिली। केकेआर के लिए राहुल त्रिपाठी ने सबसे ज्यादा 36 रन का योगदान दिया। उन्होंने 26 गेंद की पारी में दो छक्के और एक चौका लगाया। बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने के बाद त्रिपाठी के अलावा केकेआर का कोई भी बल्लेबाज सहज होकर नहीं खेल सका। शुरुआती दो ओवरों के किफायती रहने के बाद नीतीश राणा ने तीसरे ओवर में जयदेव उनादकट की गेंद पर पारी का पहला चौका लगाया तो वही अगले ओवर में शुभमन गिल ने मुस्तफिजूर की गेंद को बाउंड्री पर पहुंचाया। इसके दो गेंद के बाद यशस्वी जायसवाल ने गिल का कैच टपका दिया। गिल हालांकि इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे और छठे ओवर में एक रन चुराने की कोशिश में रन आउट हो गए। बटलर की सीधी थ्रो ने उनकी 19 गेंद में 11 रन की पारी को खत्म किया। पावरप्ले में केकेआर एक विकेट पर महज 25 रन ही बना सका। राहुल त्रिपाठी ने क्रीज पर कदम रखते हुए उनादकट के खिलाफ अपनी पहली गेंद पर चौका जड़ा तो वही इस ओवर की आखिरी गेंद पर राणा ने पारी का पहला छक्का लगाया। नौवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए सकारिया ने विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराकर राणा को चलता कर दिया। उन्होंने 25 गेंद में 22 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए सुनील नरेन ने अपनी पहली गेंद पर ही चौका जड़ा। उनादकट ने हालांकि नरेन को खतरनाक होने से पहले ही पवेलियन की राह दिखा दी। नरेन उनकी धीमी गेंद को पढ़ने में नाकाम रहे और जायसवाल ने शानदार कैच लपक कर सात गेंद में छह रन की उनकी पारी को खत्म किया। केकेआर ने 10 ओवर में तीन विकेट 53 रन बना लिए। त्रिपाठी ने 11वें ओवर में मैरिस के दूसरे स्पैल का स्वागत फाइन लेग के ऊपर से छक्के के साथ किया। अगली ही गेंद पर कप्तान इयोन मोर्गन स्ट्राइक पर आए बिना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। त्रिपाठी ने शानदार स्ट्रेट ड्राइव लगाया लेकिन गेंद मोर्गन के बल्ले से टकरा कर मैरिस के पास चली गयी और उन्होंने गिल्लियां बिखेरने में देरी नहीं की। त्रिपाठी ने इसके बाद 12वें ओवर में तेवतिया का स्वागत भी छक्के के साथ किया जबकि दिनेश कार्तिक ने उनके अगले ओवर में अपना पहला चौका जड़ा। मुस्तफिजूर ने इसके बाद 16वें ओवर में धीमी गेंद पर त्रिपाठी को फंसा लिया। वह बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में रियान पराग को कैच थमा बैठे। आंद्रे रसल (सात गेंद में नौ रन) ने मौरिस के खिलाफ 17वें ओवर में छक्का जड़कर अपना हाथ खोला लेकिन इसके दो गेंद बाद लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर डेविड मिलर को कैच थमा बैठे। इसी ओवर में साकरिया ने कार्तिक का शानदार कैच लपक कर 24 गेंद में उनकी 25 रन की पारी को खत्म किया। कमिंस (10) ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर मौरिस के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर ही पराग को कैच थमा बैठे। मौरिस ने पारी की आखिरी गेंद पर शिवम मावी (05) को बोल्ड कर चौथी सफलता हासिल की।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2QVgg9w

No comments:

Post a Comment

बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेने पहुंचे शिखर धवन, वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली है जगह

from Sports News in Hindi, Live Score, खेल समाचार, खेल न्यूज़ https://ift.tt/Nlgjqk9