नई दिल्ली इंग्लैंड के खिलाफ हेंडिग्ले टेस्ट का पहला दिन भारतीय टीम के लिए भुलाने वाला रहा। इंग्लैंड के पेसर्स ने कमाल का खेल दिखाया और भारत को पहली पारी में सिर्फ 78 रन पर ऑल आउट कर दिया। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दी। पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 120 रन बना लिए हैं। मोहम्मद सिराज इस सीरीज में भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज रहे हैं। लॉर्ड्स पर सीरीज के दूसरे मैच में भारत को जीत दिलाने में इस तेज गेंदबाज ने अहम भूमिका निभाई थी। हेडिंग्ले में कुछ फैंस ने दिन का खेल खत्म होते समय भारतीय तेज गेंदबाज को चिढ़ाने की कोशिश की। हालांकि सिराज ने इसका बुरा मानने या इस पर गुस्सा जताने के बजाय स्टाइल में जवाब दिया। भारत का यह इंग्लैंड दौरा काफी रोमांचक रहा है। दूसरे टेस्ट में काफी गर्मागर्मी देखने को मिली। विराट कोहली, जेम्स एंडरसन, मोहम्मद सिराज, जो रूट सभी इसमें शामिल रहे। भारत ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और भारत ने मुकाबला 151 रन से जीता। हेडिंग्ले में सीरीज के तीसरे मैच में भारत को उम्मीद रही होगी कि वह अपनी उसी फॉर्म को जारी रखे। लेकिन इंग्लैंड ने पलटवार किया। पूरी टीम 40.4 ओवर में ही पविलियन लौट गई। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 105 गेंदों पर 19 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने संभलकर बल्लेबाजी की और दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 120 रन बनाए। भारतीय बोलर्स इंग्लैंड को ज्यादा परेशान नहीं कर पाए। दर्शकों ने भी भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज को परेशान करने की पूरी कोशिश की। सिराज, हालांकि दर्शकों के व्यवहार से परेशान नहीं हुए। इंग्लैंड के फैंस ने सिराज से स्कोर पूछा तो उन्होंने इशारे से 1-0 से बताया। यानी उन्होंने बताया कि सीरीज का स्कोर भारत के पक्ष में 1-0 है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3sVUbH6
No comments:
Post a Comment