माउंट मोनगानुई (न्यू जीलैंड) तेज गेंदबाज के पांच विकेट की बदौलत न्यू जीलैंड ने सोमवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के 5वें और अंतिम दिन इंग्लैंड को पारी और 65 रन से हरा दिया। इस जीत से न्यू जीलैंड ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। साथ ही यह भी तय हो गया है कि टीम घरेलू सरजमीं पर लगातार 7वीं सीरीज में अजेय रहेगी। अंतिम सत्र में न्यू जीलैंड को जीत के लिए दो विकेट की दरकार थी। सैम करन (नाबाद 29) और जोफ्रा आर्चर (30) ने नौवें विकेट के लिए 59 रन जोड़कर इंग्लैंड की ड्रॉ की उम्मीद बांधी। वैगनर ने हालांकि लगातार गेंदों पर आर्चर और स्टुअर्ट ब्राड (00) को आउट करके इंग्लैंड को 197 रन पर समेटकर न्यू जीलैंड की जीत सुनिश्चित की। इंग्लैंड ने पहली पारी में 353 रन बनाए थे, जिसके जवाब में न्यू जीलैंड ने नौ विकेट पर 615 रन बनाने के बाद पारी घोषित की थी। इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 55 रन से की। टीम को पारी की हार से बचने के लिए इस समय 207 रन की दरकार थी। इंग्लैंड की टीम ड्रॉ के इरादे से उतरी। टीम ने बेहद धीमी बल्लेबाजी करते हुए दिन के शुरुआती 41 ओवर में कप्तान जो रूट (11) का विकेट गंवाकर सिर्फ 66 रन जोड़े। लंच के बाद बेन स्टोक्स (28) का धैर्य जवाब दे गया और वह टिम साउदी की बाहर जाती गेंद को विकेटों पर खेल गए। वैगनर ने इसके बाद जो डेनली (35), ओली पोप (06) और जोस बटलर (00) को पविलियन भेजा, जिससे इंग्लैंड ने 17 रन पर चार विकेट गंवाए। वैगनर ने 44 रन देकर 5 जबकि सेंटनर ने 53 रन देकर 3 विकेट चटकाए। न्यू जीलैंड को हालांकि झटका लगा जब ट्रेंट बोल्ट सुबह सिर्फ एक ओवर फेंकने के बाद पसली में दर्द के कारण मैदान से बाहर चले गए और फिर दोबारा खेलने नहीं आए।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2XKBhDp
No comments:
Post a Comment