लंदनवेस्टइंडीज टेस्ट टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा है कि नस्लवाद के अपराध की भी उसी तरह सजा मिलनी चाहिए जिस तरह डोपिंग और मैच फिक्सिंग की मिलती है। होल्डर ने कहा है कि खेल में नस्लवाद का मुद्दा उभर रहा है और इसे खेल में बाकी अपराधों की तरह ही लेना चाहिए। होल्डर एक इंटरव्यू में कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि डोपिंग और भ्रष्टाचार पर जो पेनाल्टी है नस्लवाद को लेकर उससे अलग होना चाहिए। अगर हमारे खेल में मुद्दे हैं तो हमें सभी को समान तरीके लेना चाहिए।’ होल्डर ने कहा कि सीरीज से पहले डोपिंग और भ्रष्टाचार के साथ ही नस्लवाद को लेकर खिलाड़ियों को जानकारी देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘सीरीज से पहले डोपिंग रोधी और भ्रष्टाचार रोधी बैठक के साथ ही शायद हमें नस्लवाद रोधी बैठक भी करना चाहिए।' उन्होंने कहा- मेरा संदेश साफ है कि इसे लेकर लोगों को ज्यादा से ज्यादा शिक्षित किया जाना चाहिए। मैंने खुद कोई नस्लीय टिप्पणी नहीं सुनी लेकिन दूसरों को लेकर सुनी और देखी हैं। यह ऐसी चीज है जिसके साथ आप खड़े नहीं हो सकते। उल्लेखनीय है कि अमेरिका में श्वेत पुलिसकर्मी की बेरहमी से अफ्रीकी-अमेरिकी मूल के जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद से दुनिया भर में नस्लवाद का मुद्दा उठ रहा है। कई क्रिकेटरों ने भी नस्लीय भेदभाव की शिकायत की है। (आईएएनएस के इनपुट के साथ)
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2BfVmdO
No comments:
Post a Comment