नई दिल्लीभारतीय खेल प्राधिकरण पर खराब बर्ताव का आरोप लगाते हुए पांच बार के पैरालिंपियन निशानेबाज और कोच नरेश कुमार शर्मा ने मंगलवार को विरोधस्वरूप अर्जुन पुरस्कार लौटाने की धमकी दी। खेल मंत्री किरिन रिजिजू को लिखे पत्र में शर्मा ने कहा कि उन्होंने जब एक प्रशिक्षु को कहा कि साई के नियमों के तहत रेंज पर निजी कोच नहीं आ सकता तो उनके खिलाफ उसने यौन उत्पीड़न के आरोप लगा दिए। उन्होंने पत्र में लिखा, ‘भारी मन से मैंने अर्जुन पुरस्कार और 50000 रुपये का चेक लौटाने का फैसला किया है, क्योंकि पिछले तीन महीने में भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों ने मेरे साथ बहुत बुरा बर्ताव किया है।’ शर्मा पैरा निशानेबाज हैं, जिन्हें 1997 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। उन्होंने कहा, ‘मैंने 5 पैरालिंपिक खेल, 4 पैरा एशियाई खेल, विश्व कप और अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। लेकिन पिछले तीन महीने में साई ने मेरे साथ अपराधी की तरह बर्ताव किया। मेरे खिलाफ एक प्रशिक्षु ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए, क्योंकि मैंने उससे कहा कि रेंज पर निजी कोच को नहीं ला सकते।’ साई की तत्कालीन महानिदेशक नीलम कपूर ने विशाखा गाइडलाइंस के तहत जांच शुरू कराई थी, लेकिन शर्मा ने कहा कि वह तीन महीने से रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। शर्मा ने कहा, ‘साई ने मुझे जवाब नहीं दिया। मेरी नौकरी चली गई और मैं अपने बच्चों के स्कूल की फीस नहीं भर पा रहा। मैं छठा पैरालिंपिक नहीं खेल सका। मेरा व्यवस्था पर से भरोसा उठ गया है।’
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/342iFl1
No comments:
Post a Comment