मुंबई टेस्ट मैच की एक पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने एजाज पटेल को मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने सम्मानित किया। मुंबई टेस्ट खत्म होते ही एमसीए के प्रमुख विजय पाटिल ने न्यूजीलैंड के स्पिनर को खास जर्स के साथ-साथ मैच की स्कोरशीट गिफ्ट की। मुंबई में जन्में एजाज ने एक पारी में सभी 10 विकेट चटकाकर जिम लेकर और अनिल कुंबले के दुर्लभ रिकॉर्ड की बराबरी की है। उनके इस प्रदर्शन के बाद भी न्यूजीलैंड को 372 रन से हार का सामना करना पड़ा। एमसीए के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, ‘एमसीए अध्यक्ष विजय पाटिल ने एजाज पटेल को ‘स्कोर शीट’ और एक स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, ‘एजाज पटेल ने संग्रहालय के लिए गेंद और टी-शर्ट सौंपी है।’ एजाज का बचपन मुंबई में बीता था और उनके चचेरे भाई अब भी शहर के उपनगरीय क्षेत्र जोगेश्वरी में रहते हैं। एजाज पटेल का परफेक्ट 10 न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल ने अकेले अपने दम पर भारत की पहली पारी निपटा दी थी। यह कारनामा करने वाले वह दुनिया के सिर्फ तीसरे ही गेंदबाज हैं। उनसे पहले जिमी लेकर और अनिल कुंबले ही ऐसा कर पाए थे। मगर एजाज पटेल के इस कमाल पर उनके बल्लेबाजों ने पानी फेर दिया। इससे पहले भारत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उसकी तरफ से दूसरी पारी में ओपनर मयंक अग्रवाल (108 गेंदों पर 62), चेतेश्वर पुजारा (97 गेंदों पर 47), शुभमान गिल (75 गेंदों पर 47), अक्षर पटेल (26 गेंदों पर नाबाद 41) और कप्तान विराट कोहली (84 गेंदों पर 36) ने उपयोगी योगदान दिया। भारत ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड ने आखिरकार भारत के आगे घुटने टेक ही दिए। मुंबई टेस्ट में भारत की जीत तो दूसरे ही दिन तय हो गई थी। देखनातो यह था कि न्यूजीलैंड कबतक इस हार को टाल पाता है। चौथे दिन का खेल जब शुरू हुआ तो न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 140 रन था। मगर अगले 45 मिनट के भीतर ही पूरी कीवी टीम ने घुटने टेक दिए। भारत ने 372 रन के विशाल अंतर से मैदान मारा। यह रनों के लिहाज से उसकी सबसे बड़ी जीत भी है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3EvyzpI
No comments:
Post a Comment