Saturday, September 28, 2019

कोरिया ओपन: सेमी में मोमोता से हारे पी. कश्यप

इंचियोन (साउथ कोरिया)भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप को यहां जारी सुपर 500 टूर्नमेंट के सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 जापान के केंटो मोमोता के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इस साल विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले मोमोता ने पुरुष एकल वर्ग के अंतिम-4 के मैच में वर्ल्ड नंबर-30 कश्यप को सीधे गेमों में 21-13, 21-15 से पराजित करके टूर्नमेंट से बाहर कर दिया। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों ने सधी हुई शुरुआत की और मोमोता ने 5-3 की बढ़त बनाई। समय बीतने के साथ जापानी खिलाड़ी का खेल बेहतर हुआ और ब्रेक पर वह 11-7 से आगे रहा। इसके बाद, मोमोता ने बेहतरीन स्मैश मारे और नेट के पास भी उन्होंने दमदार खेल दिखाया। कश्यप के पास मोमोता के बेहतरीन शॉट्स का कोई जवाब नहीं था और वह गेम हार गए। दूसरे गेम में मोमोता ने दमदार शुरुआत की और देखते ही देखते 8-3 की बढ़त बना ली। कश्यप ने अंतर को कुछ कम किया। ब्रेक तक स्कोर 11-7 हो गया। कश्यप दमदार वापसी करने में कामयाब रहे और 12-12 से बराबरी कर ली। हालांकि, इसके बाद वह अपने बेहतरीन शॉट्स को बरकरार नहीं रख पाए और मोमोता ने 17-12 की बढ़त बना ली। फिर उन्होंने गेम को 21-15 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मैच कुल 40 मिनट तक चला। कश्यप की हार के साथ ही टूर्नमेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। महिला एकल वर्ग में पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और पुरुष एकल वर्ग में बी साई प्रणीत पहले दौर का मुकाबला हारकर पहले ही टूर्नमेंट से बाहर हो चुके थे।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2lQTVLf

No comments:

Post a Comment

बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेने पहुंचे शिखर धवन, वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली है जगह

from Sports News in Hindi, Live Score, खेल समाचार, खेल न्यूज़ https://ift.tt/Nlgjqk9