कोलकाता बीसीसीआई अध्यक्ष ने मंगलवार को कहा कि भारत में पहला दिन-रात्रि का टेस्ट कराने का ऐतिहासिक फैसला 'सामान्य समझ' के आधार पर किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप के प्रति दर्शकों की रूचि फिर जगाने का यही तरीका है। बांग्लादेश के खिलाफ भारत का पहला दिन रात्रि का टेस्ट 22 से 26 नवंबर तक ईडन गार्डेन्स पर खेला जाएगा। बांग्लादेश का भी यह पहला दिन रात्रि का टेस्ट मैच होगा। गांगुली ने कहा कि उन्हें खुशी है कि भारतीय कप्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी इतने कम समय में इसके लिए तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा, 'यह मेरा काम है और मैं इसी के लिए यहां हूं। मैने लंबे समय तक खेला है। मेरा मानना है कि आम समझ महत्वपूर्ण है। यह टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छा होगा और उम्मीद है कि दर्शक मैदान पर आएंगे।' गांगुली ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट को इसकी जरूरत है। मैं और सचिव जय और हमारी नई टीम यह करना चाहती ही थी। विराट को भी धन्यवाद, जो तुरंत तैयार हो गए। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का शुक्रिया, जो इतने कम समय में इसके लिए तैयार हुआ।' उन्होंने कहा, 'चीजें ऐसे ही बदलती हैं। यह उपमहाद्वीप में टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छी शुरूआत है। हमारे इरादे नेक हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सब कुछ ठीक ही होगा।' पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि बीसीसीआई ड्यूक्स या कूकाबूरा की जगह एसजी टेस्ट गुलाबी गेंद का ही इस्तेमाल करेगा।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2WoCOOJ
No comments:
Post a Comment