पैरिससात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष जोड़ी ने 750,000 डॉलर इनामी बैडमिंटन टूर्नमेंट में गुरुवार को यहां मौजूदा विश्व चैंपियन मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान की जोड़ी को हराकर उलटफेर किया, जबकि पीवी सिंधु और साइना नेहवाल ने भी महिला एकल के क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगस्त में थाइलैंड ओपन का खिताब जीतने वाले सात्विक और चिराग ने विश्व में दूसरे नंबर की जोड़ी को 21-18, 18-21, 21-13 से पराजित किया। विश्व में 11वें नंबर की भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और आंद्रेस स्कारूप रासमुसेन से होगा। चीन, कोरिया और डेनमार्क के पहले दौर में हारने वाली विश्व चैंपियन पी वी सिंधु ने सिंगापुर की इयो जिया मिन को 21-10, 21-13 से हराया। अगले दौर में उनका सामना विश्व की नंबर एक ताइ जु यिंग से हो सकता है। लंदन ओलिंपिक की ब्रॉन्ज मेडल विजेता साइना नेहवाल ने डेनमार्क की लाइन होजमार्क जार्सफेल्ट को 27 मिनट तक चले मैच में लाइन को 21-10, 21-11 से हराया। लगातार तीन टूर्नमेंट के पहले दौर में हारने वाली साइना का अगला मुकाबला कोरिया की आन सी यंग से होगा, जिन्होंने पिछले सप्ताह डेनमार्क ओपन के पहले दौर में सिंधु को हराया था। साइना ने कल रात पहले दौर में हॉन्ग कॉन्ग की चेयुंग नगान यी को 23-21, 21-17 से पराजित किया था।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2NcYx7Y
No comments:
Post a Comment